खरसिया नगर पालिका में उठी अंदरूनी कलह की आंधी भाजपा पार्षद एवं युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष राधे राठौर ने अपनी ही पार्टी की नगर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
खरसिया नगर पालिका में उठी अंदरूनी कलह की आंधी
भाजपा पार्षद एवं युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष राधे राठौर ने अपनी ही पार्टी की नगर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
खरसिया।
नगर पालिका परिषद खरसिया में भाजपा की सरकार होते हुए भी, पार्षदों की आवाज को लगातार अनसुना किया जा रहा है — यह गंभीर आरोप लगाए हैं भाजपा पार्षद एवं युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष राधे राठौर ने।
वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद राठौर ने नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, उपाध्यक्ष अवध नारायण ‘बंटी’ सोनी और इंजीनियर दीपक अग्रवाल पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि नगर पालिका के भीतर बिना कमीशन के कोई भी विकास कार्य नहीं होता। उन्होंने कहा कि दीपक अग्रवाल जैसे भ्रष्ट इंजीनियर और कुछ चुनिंदा कर्मचारी दिन-रात अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ‘सेवा’ में लगे रहते हैं, जबकि आम पार्षदों की बात तक नहीं सुनी जाती।
❝क्या भाजपा खरसिया में सरकार में है या फिर अब भी विपक्ष में?❞
राधे राठौर ने तीखा सवाल दागते हुए कहा कि यदि नगर पालिका में भाजपा की सरकार है तो फिर पार्षदों की अनदेखी क्यों हो रही है? वार्डों के विकास कार्य क्यों नहीं हो रहे? जनहित से जुड़े मुद्दों पर न तो अध्यक्ष ध्यान दे रहे हैं और न ही उपाध्यक्ष।
एक वार्ड में ही क्यों हो रहे करोड़ों के कार्य?
राठौर ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा पूरे खरसिया में 18 वार्डों के होते हुए भी केवल एक वार्ड में, वह भी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ठाकुर दिया क्षेत्र में ही कार्य कराए जा रहे हैं। यह स्पष्ट रूप से “मनपसंद ठेकेदारों” को लाभ पहुंचाने की कोशिश है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी निशाने पर
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीतू अग्रवाल पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जब से उनकी नियुक्ति हुई है, तब से अब तक उन्होंने कभी पार्षदों के साथ कोई संवाद नहीं किया, न कोई मीटिंग बुलाई, न ही विकास कार्यों पर चर्चा की। कई पार्षदों को वह पहचानती तक नहीं हैं।
खरसिया में चर्चा का विषय बना मामला
राधे राठौर द्वारा अपने ही नगर सरकार के खिलाफ इस तरह खुलकर आवाज उठाना खरसिया नगर में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं — समाधान निकालते हैं या यह विवाद और बड़ा रूप लेता है।